नीमच टुडे न्यूज | प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। यह बात मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कमिश्नर, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की बैठक में कही। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य आदत बनाने पर जोर दिया। साथ ही सभी शासकीय सेवकों को भी वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में एफआईआर के सात दिवस के भीतर पीड़ितों को राहत राशि की पहली किश्त अनिवार्य रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित समितियों की नियमित बैठक कर प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी बल दिया। बैठक में आगामी गेहूं कटाई के बाद नरवाई प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि नरवाई जलाने की एक भी घटना न हो, इसके लिए किसानों को जागरूक किया जाए और इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन एवं पंचायत विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु की नियमित समीक्षा और विभागीय समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। नीमच एनआईसी कक्ष से इस वीसी में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एडीएम बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।