मनासा का ऑक्सीजन प्लांट वर्षों से बंद, उपमुख्यमंत्री के दौरे में भी नहीं उठा गंभीर स्वास्थ्य मुद्दा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार ने मनासा क्षेत्र की राजनीति, जनसेवा और मीडिया जगत से जुड़े लोगों की भूमिका पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। मनासा स्थित ऑक्सीजन प्लांट पिछले छह महीने से लेकर दो वर्षों अथवा उससे अधिक समय से बंद पड़ा है, यह तथ्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े सभी लोगों को लंबे समय से ज्ञात है। इसके बावजूद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के मनासा दौरे के दौरान इस गंभीर मुद्दे को उनके समक्ष प्रभावी ढंग से नहीं रखा जाना दुर्भाग्यपूर्ण माना जा रहा है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर लाखों रुपये खर्च कर मंत्री का दौरा हुआ, लेकिन ऑक्सीजन प्लांट की बदहाली, उसकी मरम्मत या पुनः संचालन को लेकर कोई ठोस चर्चा या त्वरित कार्रवाई सामने नहीं आई। सवाल यह भी है कि यदि चर्चा हुई, तो युद्धस्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और उसके परिणाम धरातल पर क्यों नहीं दिखे। डेडिकेटेड वार्ड में हर बेड तक पृथक पाइपलाइन से ऑक्सीजन आपूर्ति के दावे भी हकीकत से दूर नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर, स्वागत-आभार और संवेदनशीलता के प्रदर्शन से आगे बढ़कर वास्तविक स्वास्थ्य मुद्दों पर गंभीर पहल की आवश्यकता है।

Top