नीमच टुडे न्यूज़ | झोनल रेलवे सलाहकार समिति की बैठक में सदस्य गौरव अग्रवाल ने मंदसौर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में सिंहस्थ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए मंदसौर आएंगे। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है, लेकिन वर्तमान में स्टेशन का एकमात्र प्रवेश द्वार छोटा होने के कारण यात्री असुविधा का सामना करते हैं। इसके साथ ही स्टेशन के बाहर पार्किंग की भी गंभीर समस्या बनी हुई है। गौरव अग्रवाल ने सुझाव दिया कि स्टेशन के समीप उपलब्ध पांच-छह बीघा शासकीय और निजी भूमि का विधिसम्मत अधिग्रहण कर एक ओर नया प्रवेश द्वार बनाया जाए। इससे न केवल पार्किंग की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्टेशन का स्वरूप भी अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित हो सकेगा। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि स्टेशन के आसपास स्थित दुकानों को एक्साइज डिपो की भूमि पर स्थानांतरित किया जाए और क्षेत्र का चौड़ीकरण किया जाए। इससे स्टेशन दूर से ही स्पष्ट रूप से नजर आएगा और यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दुकानदार भी शहर के विकास के इस प्रयास में सहयोग करेंगे। बैठक में स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
