नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने “चलो पंचायत” अभियान के तहत घसुंडी बामनी और चेनपुरा खदान में चौपाल बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान चेनपुरा खदान के ग्रामीणों ने गंभीर पेयजल समस्या बताई, वहीं घसुंडी बामनी के ग्रामीणों ने अन्य स्थानीय समस्याएं साझा कीं। युवा कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा और समाधान के लिए जोर दिया जाएगा। ग्राम चौपाल से पूर्व गांधी भवन नीमच में जिला युवा कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव विनोद पटेल और सहप्रभारी शिबू शहरयार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में विनोद पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा। उन्होंने कहा कि “चलो पंचायत” अभियान के माध्यम से संगठन हर गांव में पहुंचेगा, आमजन से बातचीत करेगा और जनसमस्याओं को उजागर करेगा। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जिले की प्रत्येक पंचायत में पहुंचकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाया जाएगा और आमजन की आवाज़ को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक और चौपाल में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।