नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रधानमंत्री कृषि मित्र सूर्य योजना के तहत प्रदेश में किसानों को सोलर पंप सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नीमच जिले में किसानों के खेतों में सोलर पंप स्थापित कर उन्हें ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के 1525 किसानों को इस योजना से लाभांवित करने के लिए विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ पराग जैन ने बताया कि 27 जनवरी 2026 को जनपद सभाकक्ष नीमच में तहसील नीमच एवं जीरन के 425 किसानों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। 28 जनवरी को जावद क्षेत्र के 178 किसानों, 29 जनवरी को मनासा एवं रामपुरा के 785 किसानों तथा 30 जनवरी को सिंगोली तहसील के 138 किसानों के लिए रतनगढ़ में शिविर आयोजित होंगे। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों द्वारा किसानों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शिविरों में खाता खोलने और सीआईएफ प्रक्रिया में सहयोग करेगा। इसी क्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदाता दिवस की सामूहिक शपथ भी दिलाई।