वसंत पंचमी पर जाजू कन्या महाविद्यालय में भव्य सांस्कृतिक आयोजन, विद्या व ज्ञान के प्रति समर्पण का संदेश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में वसंत पंचमी के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि वसंत पंचमी विद्यार्थियों के लिए विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना का विशेष दिन है, जो छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्राओं को अपनी कला और प्रतिभा के बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, हेमंत हरित, सांसद प्रतिनिधि  किरण शर्मा एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. मीना हरित ने भी छात्राओं को वसंतोत्सव की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम से पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत किया और महाविद्यालय की सांस्कृतिक परंपरा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई और चित्रकला विभाग की छात्राओं द्वारा हस्तनिर्मित पेंटिंग का प्रदर्शन किया गया, जिसे अतिथियों ने सराहा। दिनभर चले कार्यक्रम में छात्राओं ने एकल, समूह व युगल नृत्य तथा नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वसंतोत्सव के तृतीय दिवस पर भव्य वसंत मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्राएं विविध स्टॉल लगाएंगी।

Top