नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ग्राम दारूखेड़ा में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित मनरेगा बचाओ चौपाल एवं पंचायत कांग्रेस कमेटी गठन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के गरीब और मजदूर वर्ग की जीवनरेखा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि बजट में कटौती और तकनीकी अड़चनें खड़ी कर इस योजना को कमजोर किया जा रहा है। नटराजन ने कहा, “मनरेगा पर हमला सीधे गरीब के हक पर हमला है,” और कांग्रेस गांव-गांव मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और कांग्रेस पंचायत स्तर पर सशक्त निगरानी तंत्र बनाएगी ताकि मजदूरों का हक सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि मजदूरों को समय पर भुगतान न मिलना और काम के बदले मशीनों का इस्तेमाल ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रहार है। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने मजदूरों के हक के लिए संगठित संघर्ष छेड़ने और पंचायत स्तर पर अनियमितताओं के विरोध का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलवंत पाटीदार ने कहा कि दारूखेड़ा से शुरू हुआ यह आंदोलन जिले के हर गांव तक जाएगा। कार्यक्रम में सोमिल नाहटा, हरीश दुआ, हिदायतुल्लाह खान, संजीव पगारिया, मनमोहनसिंह बांगरेड़ सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।