नीमच में 26 जनवरी को भव्य गणतंत्र दिवस समारोह: मंत्री भूरिया ध्वजारोहण कर लेंगी परेड की सलामी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस परम्परागत गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के शा.बा.उ.मा. विद्यालय क्रमांक-2 नीमच पर आयोजित होगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों को पुरस्कार दिए जाएंगे और सरकारी योजनाओं तथा विकास गतिविधियों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री  निर्मला भूरिया ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गणतंत्र दिवस संदेश पढ़ा जाएगा।

परेड में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेनाएं और एनसीसी सीनियर डिविजन स्काउट की टुकड़ियां शामिल होंगी। शुक्रवार को अपर कलेक्टर  बी.एस. कलेश और ए.एस.पी.  नवलसिंह सिसोदिया की उपस्थिति में मुख्य समारोह स्थल पर फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई। सभी टुकड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और छात्रों द्वारा रंगारंग देशभक्ति कार्यक्रम दिखाए गए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ  पराग जैन, एसडीएम संजीव साहू, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 8 बजे झंडावंदन होगा और विकासखंड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Top