जाजू कॉलेज में वसंतोत्सव का भव्य आयोजन: वसंत मेले में उमंग, कला और उत्साह की शानदार प्रस्तुति | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में वसंतोत्सव के तृतीय दिवस पर भव्य वसंत मेले का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा महाविद्यालय दुल्हन की तरह सजा नजर आया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि  अंकिता पण्ड्या (महिला एवं बाल विकास अधिकारी) एवं विशिष्ट अतिथि नगर के समाजसेवी श्री जम्बूकुमार जैन के कर कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर अंकिता पण्ड्या ने कहा कि वसंतोत्सव परिवर्तन, उमंग और उत्साह का पर्व है, जो जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। जम्बूकुमार जैन ने “गीत गाता चल” गीत गाकर कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया और घोषणा की कि वे इस वर्ष प्रत्येक कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को व्यक्तिगत रूप से पुरस्कृत करेंगे। मेले में छात्राओं द्वारा निर्मित स्वादिष्ट व्यंजन, हस्तनिर्मित सामग्री, पेंटिंग्स, मेहंदी कला आदि की लगभग 20 स्टॉल लगाई गईं, जिनका अतिथियों और निर्णायकों ने अवलोकन किया। प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वसंतोत्सव को सनातन परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया। कार्यक्रम में डॉ. बीना चौधरी एवं डॉ. रश्मि वर्मा ने सभी अतिथियों, छात्राओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वसंत मेला छात्राओं के लिए आनंद, रचनात्मकता और प्रेरणा का अद्भुत संगम बना।

Top