जाजू कन्या महाविद्यालय नीमच में वसंतोत्सव के तहत भव्य वसंत मेला, उमंग-उत्साह से महका परिसर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्थित श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वसंतोत्सव के तृतीय दिवस पर भव्य वसंत मेले का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पण्ड्या तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी जम्बूकुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अंकिता पण्ड्या ने कहा कि वसंतोत्सव परिवर्तन, उमंग एवं उत्साह का पर्व है, जो जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। वहीं जम्बूकुमार जैन ने जाजू कॉलेज के वसंत मेले को आनंद, ऊर्जा और कला का प्रतीक बताते हुए छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

उन्होंने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देने की घोषणा की। मेले में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजन, हस्तनिर्मित सामग्री, पेंटिंग्स, मेहंदी एवं कलात्मक वस्तुओं की लगभग 20 स्टॉल लगाई गईं, जहां आगंतुकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ स्टॉल और व्यंजनों का चयन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वसंतोत्सव की सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। दिनभर चले इस मेले में नृत्य, मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में नई ऊर्जा, प्रेरणा और उत्साह का संचार हुआ।

Top