नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में अवैध नल संयोजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश एवं नेतृत्व में शनिवार 24 जनवरी को नगर पालिका के अमले ने अभियान चलाकर 23 अवैध नल कनेक्शनों को विच्छेद किया। यह कार्रवाई पूर्व में दी गई चेतावनी के बावजूद अवैध रूप से चल रहे नल संयोजनों के खिलाफ की गई। नगर पालिका की जलकल प्रभारी एवं उप यंत्री अनु सोलंकी ने मूलचंद मार्ग, खारी कुआं सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नाले, नालियों और गंदे पानी के बीच से गुजर रहे अवैध कनेक्शनों को कटवाया। साथ ही रहवासियों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि भविष्य में अवैध नल कनेक्शन करने पर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखा जा सके और स्वच्छता बनी रहे। नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने अवैध नल कनेक्शनों को शीघ्र वैध करवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका केमिस्ट सुरेश पवार, नाथूलाल नागर, कचरूलाल राठौर, सलीम खान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।