नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) नीमच में रविवार को 61 नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों (भूतपूर्व सैनिक) का बुनियादी प्रशिक्षण सह शपथ ग्रहण परेड समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि निदेशक एवं प्राचार्य दर्शन लाल गोला ने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। परेड का नेतृत्व उप निरीक्षक कैडेट मंजीत सिंह और करण कुमार कौशल ने किया।
इन अधिकारियों का प्रशिक्षण 2 मार्च 2026 से शुरू हुआ था। 12 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण में उन्हें शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, दंगा नियंत्रण, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन और जंगल सर्वाइवल जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को हर परिस्थिति में देश सेवा के लिए तैयार करना है। समारोह में आरटीसी डीआईजी प्रमोद कुमार सिंह, कमांडेंट छोटन ठाकुर, प्रमोद कुमार साहू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और प्रशिक्षुओं के परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रणकौशल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।