नीमच टुडे न्यूज़ | रतनगढ़ वन विभाग को वन्य प्राणियों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 24 जनवरी 2026, शनिवार को वन परिक्षेत्र रतनगढ़ अंतर्गत ऑपरेशन वाइल्ड्स ट्रैप-11 के दौरान एक शिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। वन परि क्षेत्राधिकारी प्रतापलाल गहलोत से प्राप्त जानकारी के अनुसार एस.के. अटोदे वन मंडलाधिकारी नीमच एवं दशरथ अखंड उप वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में रात्रि गश्त के दौरान सब रेंज उमर की बीट डाबड़ा कलां, कक्ष क्रमांक पी-170 में कार्रवाई की गई।
इस दौरान आरोपी उदानाथ पिता जोधानाथ कालबेलिया (उम्र 42 वर्ष), निवासी कनकपुरा, तहसील सिंगोली, जिला नीमच को वन्यजीवों का अवैध शिकार करते हुए पकड़ा गया। वन विभाग की टीम ने आरोपी को मृत सियार को आग में जलाते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। मौके से एक मृत सियार एवं एक मृत खरगोश बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 296/02 दिनांक 24 जनवरी 2026 को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP-44-ME-6782 भी जब्त की गई। आरोपी को माननीय न्यायालय प्रथम श्रेणी नीमच के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आदेशानुसार उसे कनावटी जेल नीमच भेजा गया। पंचनामा ग्राम पंचायत उमर के सरपंच, पटवारी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में तैयार किया गया तथा मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कर विधिवत नष्टीकरण किया गया।