नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 26 जनवरी को नगरपालिका कार्यालय परिसर एवं शहीद स्मारक, ज्ञान मंदिर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा 26 जनवरी को प्रातः 8 बजे नगरपालिका कार्यालय परिसर में समस्त पार्षदगण, गणमान्य नागरिकों एवं नपा स्टाफ की उपस्थिति में ध्वजारोहण करेंगी। इसके पश्चात प्रातः 8.15 बजे शहीद स्मारक, ज्ञान मंदिर पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने शहरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से राष्ट्रप्रेम, भाईचारे एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने और देश व नगर के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने का संदेश देता है। नपाध्यक्ष ने नागरिकों से एकजुट होकर मजबूत एवं अखंड भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।