नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगरपालिका परिषद, नीमच द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 26 जनवरी को प्रातः 7.30 बजे बंगला नं. 60 स्थित पुरानी नगरपालिका भवन परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न होगा। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद, नीमच की मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया द्वारा नपा स्टाफ की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया जाएगा। उक्त जानकारी कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा ने दी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया ने नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने का आग्रह किया है। बामनिया ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के प्रति निष्ठा, देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से नीमच शहर के विकास में सक्रिय सहयोग देने और एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। नगरपालिका परिषद ने सभी नागरिकों से समारोह में सहभागिता करने और इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय रूप से मनाने का अनुरोध किया है।