नीमच में फुटबॉल उत्सव का समापन, अखिल भारतीय स्पर्धा की हुई घोषणा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच नगरपालिका परिषद नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी  दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में जिला फुटबॉल संघ के सहयोग से स्थानीय राजेन्द्र प्रसाद स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस फुटबॉल स्पर्धा का भव्य समापन 26 जनवरी को फाइनल मुकाबले एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में विधायक  दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नपाध्यक्ष  स्वाति गौरव चोपड़ा ने की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता  संतोष चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।फाइनल मुकाबला ए. यूनियन एवं अहीर यूनिवर्सल के बीच खेला गया, जो अत्यंत रोमांचक रहा। कड़े संघर्ष वाले इस मुकाबले में ए. यूनियन ने सूरज कुमार के निर्णायक गोल की बदौलत 1-0 से विजय प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक  परिहार, नपाध्यक्ष  चोपड़ा एवं संतोष चोपड़ा ने नीमच में शीघ्र ही अखिल भारतीय फुटबॉल स्पर्धा आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य खिलाड़ियों में अनुशासन, एकता और खेल भावना को बढ़ावा देना है। अंत में विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डीएफए सचिव प्रमोद शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन पार्षद  रामचन्द्र धनगर ने किया।

Top