शासकीय उमावि सावन में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया, विद्यार्थियों व प्रतिभाशाली छात्राओं का हुआ सम्मान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सावन के परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच जितेंद्र माली एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के आतिथ्य में सरस्वती पूजन-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की उन छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने खेल शिक्षिका  रेखा कुमावत के मार्गदर्शन में संभाग एवं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। इस अवसर पर कुमावत ने ग्रामीण बालिकाओं को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया। समारोह में सरपंच जितेंद्र माली ने विद्यालय प्रांगण में पेवर ब्लॉक लगाने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। आभार प्रदर्शन प्राचार्य  बी.एल. सुरावत ने किया तथा संचालन वरिष्ठ शिक्षिका  प्रेरणा माइकल ने किया।

Top