77वें गणतंत्र दिवस पर नीमच में विविध आयोजन, एनएसएसजी समारोह, लोकतंत्र सेनानी सम्मान व संत सुंदरदास तिराहा अनावरण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच 77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर नीमच में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किए गए। नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा ग्रीन बेल्ट गार्डन में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समाजसेवी रमेश कदम, डॉ. कमलेश पाटीदार, संतोष चौपड़ा एवं ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने तिरंगा फहराकर संविधान के मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे—को आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सदस्यों द्वारा देशभक्ति गीत एवं कविताएं प्रस्तुत की गईं। मुख्य जिला स्तरीय समारोह में मध्यप्रदेश शासन द्वारा लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत वरिष्ठ पत्रकार एवं मीसाबंदी स्व. गोपालजी खण्डेलवाल की धर्मपत्नी वीणा देवी खण्डेलवाल को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया द्वारा प्रदान किया गया। इसी क्रम में खंडेलवाल वैश्य समाज द्वारा वार्ड 24 एवं 35 स्थित सिद्धि विनायक गेट के सामने संत सुंदरदास तिराहा का अनावरण किया गया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खण्डेलवाल सहित समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ ने किया।

Top