नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अखिल भारतीय गुर्जर देवसेना मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लवकेश सिंह गुर्जर (भोपाल) द्वारा श्री देव नारायण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर डॉ. शिवनारायण गुर्जर, निवासी अरनिया बोराना, जीरन, जिला नीमच को पुनः अखिल भारतीय गुर्जर देवसेना जिला नीमच का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डॉ. गुर्जर इससे पूर्व भी पाँच वर्षों तक जिलाध्यक्ष पद पर रहकर संगठन को सक्रिय एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। समाज के प्रति उनकी जागरूकता, सक्रियता एवं निस्वार्थ सेवा भाव को देखते हुए प्रदेश कार्यकारिणी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पुनः सौंपी है। प्रदेश नेतृत्व ने आशा व्यक्त की है कि डॉ. गुर्जर अपने कुशल नेतृत्व में समाज को संगठित कर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेंगे। उनके मार्गदर्शन में युवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त आवाज बुलंद होगी। नियुक्ति पर समाजजनों एवं पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।