नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच 26 जनवरी की शाम टाउनहॉल नीमच में लोकतंत्र का उत्सव “भारत पर्व” बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्कृति विभाग और स्वरज संस्थान संचालनालय भोपाल के कलाकारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में लोक नृत्यों और सुमधुर कबीर भजनों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया, जिसे दर्शकों ने जोरदार तालियों से सराहा। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धार्वे और जिला पंचायत सीईओ पराग जैन ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अतिथियों ने कलाकारों का पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम में देवास के देवकरण मालवीय एवं सात सदस्यीय कलाकार दल ने सुप्रसिद्ध कबीर भजनों का संगीतमय गायन प्रस्तुत किया। सिरोंज के ढिमरयाई लोकनृत्य कलाकार सूरज केवट एवं उनके 10 सदस्यीय दल ने ढिमरयाई लोकनृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से कार्यक्रम को और जीवंत बनाया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगी, जिसका अवलोकन उपस्थित जनों ने किया। विधायक और अतिथियों ने कलाकारों, छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार भी प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया और अंत में नीमच सीएमओ दुर्गा बामनिया ने आभार व्यक्त किया।