नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आर.सी.एम.एस. पर दर्ज कोई भी राजस्व प्रकरण समय-सीमा के बाहर नहीं जाए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आवेदकों को सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। समय सीमा का पालन न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आर्थिक शास्ति की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर और जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक नियमित करने, शासकीय वाहनों की उम्र सीमा का पालन, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट या सीट बेल्ट का उपयोग न करने वाले शासकीय सेवकों की उपस्थिति मान्य नहीं होगी। साथ ही कलेक्टर ने जनपद सीईओ और सीएमओ को शेष ई-केवाईसी कार्य फरवरी अंत तक पूरा करने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने और नॉन अटेंडेंट शिकायतों के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध नल कनेक्शन रोकने, दूषित पेयजल की आपूर्ति न होने देने और नामांतरण-बटवारा के आवेदन ऑनलाइन करने के भी आदेश दिए गए, ताकि सभी प्रकरण समय पर निपटाए जा सकें।