नीमच में कलेक्टर ने अवैध कालोनियों से दूर रहने और खनिज अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच  कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी नगर पंचायत, नगर परिषद, नगरपालिका या ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध कालोनियों में भूखण्डों का क्रय-विक्रय न करें। कलेक्टर ने बताया कि अवैध कालोनियों में बिजली, पानी, सड़क, नाली, गार्डन, सफाई और बैंक जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है, जिससे आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सफाई व्यवस्था न होने के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि शासन के नियमों के तहत अवैध कालोनी निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजर्स के खिलाफ दंडात्मक और प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही जिले में खनिज अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। खनिज अधिकारी  गजेन्द्र सिह डाबर ने बताया कि जावद और मनासा क्षेत्र में अवैध गिट्टी एवं मुरम उत्खनन करने वाले तीन वाहनों को जप्त किया गया। इसमें डम्पर आर.जे.44जी.ए.4036, डम्पर आर.जे.09जी.ए.6934 और जेसीबी आर.जे.09ई.ए.4085 शामिल हैं। ये वाहन पुलिस थाना जावद, मनासा एवं डिकेन की अभिरक्षा में रखे गए हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे अवैध गतिविधियों से दूर रहें और नियमों का पालन करें, ताकि प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े।

Top