नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) नयागांव फैक्ट्री को पुनः सरकारी क्षेत्र में चलाने और कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान हेतु आज "सीसीआई चलाओ-भविष्य बचाओ-न्याय दिलाओ" संघर्ष समिति ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर भयडिया को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि फैक्ट्री 2008 से बंद पड़ी है और कर्मचारियों की वित्तीय एवं नौकरी संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए। ज्ञापन में तीन मुख्य मांगें रखी गई हैं।
पहली, स्थानीय प्रशासन द्वारा सीसीआई नयागांव फैक्ट्री को शीघ्र सरकारी क्षेत्र में चालू किया जाए और फैक्ट्री की जमीन व खदान किसी निजी कारखाने को न दी जाए। दूसरी, उच्च न्यायालय इंदौर के निर्णय के बावजूद बकाया वेतन भुगतान नहीं हुआ है, इसे शीघ्र भुगतान कराया जाए। तीसरी, वर्तमान सुरक्षा गार्ड्स का नियमितीकरण सेंट्रल गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल जबलपुर के आदेशानुसार किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। ज्ञापन देने का वचन तुलसीराम खारोल ने दिया। इस अवसर पर सीटू जिला महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, सीमेंट श्रमिक संघ के निर्भय राम चौहान और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश साफ दिख रहा था।