समय पर एक्शन: दो मासूम बहनों का बाल विवाह रोका गया – नीमच प्रशासन की बड़ी सफलता | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जिला नीमच में बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन ने समय रहते सख्त कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बहनों का विवाह रुकवा दिया। कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अंकिता पंड्या के मार्गदर्शन में एसडीएम  संजीव साहू के पर्यवेक्षण में संयुक्त दल द्वारा यह कार्रवाई की गई। परियोजना अधिकारी नीमच ग्रामीण  इरफान अंसारी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम जवासा में प्रस्तावित विवाह स्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी 2026 को दो सगी बहनों का विवाह निर्धारित था, जिनकी आयु क्रमशः 16 और 17 वर्ष है। दोनों बालिकाएं राजस्थान की निवासी हैं और विवाह हेतु अपने मामा के घर जवासा आई हुई थीं।

मौके पर उपस्थित परिवारजन आयु संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और यह स्वीकार किया कि बालिकाएं 18 वर्ष से कम उम्र की हैं। संयुक्त दल ने उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी दी और बताया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। कानून की गंभीरता समझने के बाद परिवार ने विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई। इस संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। प्रशासन की यह कार्रवाई बाल विवाह रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Top