नीमच टुडे न्यूज़ | एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत नीमच जिले में धनिया उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में जिले में 700 हेक्टेयर क्षेत्र में धनिया उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे 752 किसानों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में जिले में 24 हजार से अधिक किसान धनिया की खेती कर रहे हैं और किसानों की आय में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अभी 65 धनिया प्रसंस्करण इकाइयाँ संचालित हो रही हैं, जिन्हें बढ़ाकर 90 करने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने युवाओं को धनिया प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि वैज्ञानिक, व्यापारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।