अवैध होर्डिंग हटाने व आदर्श मार्ग निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन – मंदसौर @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शहर में अवैध होर्डिंग हटाकर सुंदर, एकरूप एवं सुव्यवस्थित आदर्श मार्ग के विकास तथा समुचित पार्किंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष  इष्टा भाचावत एवं नगर पालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी के नेतृत्व में दिया गया। दोपहर 12 बजे गांधी चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए नगर पालिका परिषद पहुंचे और अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन में नगर के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के बाहर लगे अवैध होर्डिंग को तत्काल हटाने की मांग की गई। साथ ही यह भी मांग की गई कि सड़क किनारे से हटाए गए हाथ ठेला एवं दुकानों के कारण प्रभावित हुए लोगों को वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए। कांग्रेस नेताओं ने शहर में व्यवस्थित पार्किंग स्थलों के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेश सिंह रघुवंशी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनजीत सिंह टटेजा, पूर्व नपा अध्यक्ष मो. हनीफ शेख सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, महिला कांग्रेस की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Top