नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर में नालों के गंदे पानी से खेतों में अवैध रूप से सिंचाई करने वालों के खिलाफ नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में जलकल विभाग की टीम ने बुधवार 28 जनवरी को अभियान चलाकर दो विद्युत मोटर एवं एक डीजल पंप जब्त किए। बामनिया के निर्देश पर जलकल विभाग के नाथूलाल नागर, कचरूलाल राठौर, मोहम्मद सलीम सहित कर्मचारियों ने शहाबुद्दीन बाबा रोड क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान नई पुलिया के नीचे बहने वाले नाले से विद्युत मोटर और डीजल पंप लगाकर खेतों में अवैध सिंचाई की जा रही थी, जिन्हें मौके से जब्त कर लिया गया। इसके अलावा राठौर पार्क के पीछे से एक अन्य विद्युत मोटर भी जप्त की गई। इसी तरह रोडवेज बस स्टैंड के पास मुक्तिधाम क्षेत्र में नाले से पानी चोरी के लिए लगी विद्युत केबल बरामद कर जब्त की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि नालों के गंदे पानी से सब्जियों व फसलों की सिंचाई न केवल अवैध है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। नगर पालिका परिषद ने स्पष्ट किया है कि शहर के दोनों ओर बहने वाले नालों से पानी की चोरी और गंदे पानी से सिंचाई के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।