नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मनासा के बहुचर्चित धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे आरोपी सुनील शर्मा द्वारा एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। जिला युवा प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष राकेश मालवीय की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले को प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामला 28 जनवरी को प्रकाशित एक खबर से जुड़ा है, जिसमें जालसाजी (धारा 420, 467, 120-बी) से संबंधित आरोपियों का खुलासा किया गया था। खबर से बौखलाए आरोपी सुनील शर्मा और उसके सहयोगियों ने पत्रकार को फोन पर धमकियां दीं। बुधवार को आशीष शर्मा नामक व्यक्ति ने सुनील शर्मा का हवाला देते हुए समझौते का दबाव बनाया और इनकार करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पत्रकार द्वारा कॉल रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के साथ SP से शिकायत करने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। एसपी ने मनासा थाना प्रभारी को आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स (CDR) की जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।