नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम पर आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर तथा यातायात टीम द्वारा 29 जनवरी 2026 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चौपड़ा चौराहा, मैसी शोरूम क्षेत्र एवं थाने के सामने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान नाबालिग वाहन चालकों, बिना नंबर प्लेट, बिना बीमा, काली फिल्म लगे वाहनों एवं तेज आवाज वाले फटाकेदार बुलेट चलाने वालों पर वैधानिक चालानी कार्रवाई की गई। कुल 106 चालान बनाए गए, जिनसे लगभग 40,000 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया और सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, स्टंटबाजी से बचें, नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें, काली फिल्म का उपयोग न करें और नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।