नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह के दौरान सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की चौथी किस्त के अंतर्गत प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। यह भुगतान उन किसानों को किया गया, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना समाप्ति तक सोयाबीन का विक्रय किया था। अब तक प्रदेश के 7 लाख 10 हजार किसानों को कुल 1492 करोड़ रुपये की भावांतर राशि दी जा चुकी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मल्हारगढ़ क्षेत्र को 69.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर मल्हारगढ़ 4-लेन फ्लाईओवर का भूमि-पूजन, पिपलिया मंडी रेलवे अंडरब्रिज, मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पुल सहित कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

साथ ही पिपलिया मंडी में फ्लाईओवर निर्माण, मनासा खुर्द में पुलिया निर्माण, आउटडोर-इंडोर स्टेडियम, काका साहब गाडगिल जलाशय के सौंदर्यीकरण एवं भुवानी माता मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने ग्राम बूढ़ा एवं नारायणगढ़ में नवीन सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है और ड्रॉपआउट दर लगभग शून्य हो गई है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि गांधी सागर परियोजना का पानी जल्द ही मंदसौर-नीमच के खेतों तक पहुंचेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय मनोहर सिंह के पुत्र संजय सिंह को मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद की नियुक्ति का पत्र सौंपा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायकगण एवं अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधा विस्तार और फसलों को उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।