कलेक्टर ने जिले में बच्चों का 15 फरवरी तक शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी म.बा.वि. नीमच अंकिता पंड्या ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर  चंद्रा ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के तहत सभी सैम एवं मेम श्रेणी के बच्चों का पंजीयन 15 फरवरी तक पूर्ण किया जाए और कोई बच्चा पंजीयन से वंचित न रहे।

उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में शेष बच्चों का चिन्हांकन कर पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज करने, सभी प्ले स्कूलों में पंजीयन सुनिश्चित करने और बच्चों के नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा, 21 दिवस से अधिक शालापूर्व अनौपचारिक शिक्षा प्रदान करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की रैंकिंग में डी एवं ई केटेगरी में आने वाले कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी करने और सुधार न होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई करवाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पोषण आहार वितरण में कमी पाए जाने पर सेक्टर पर्यवेक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही, कुपोषित बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र पर उपस्थित कराने और उनके परिवारों में गृह भेंट सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला परियोजना सहायक, जिला शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Top