नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अफीम और इसके सह उत्पाद काला पोस्तादाना उर्फ धूला पाली की लगातार बढ़ती तस्करी जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि काला पोस्ता अल्कालॉयड के अवशेषों से युक्त होता है और इसके सेवन से शरीर में नशीला प्रभाव, किडनी पर दुष्प्रभाव, उच्च रक्तचाप, हृदय की समस्या, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, चिड़चिड़ापन और अन्य गंभीर रोग हो सकते हैं। काला पोस्ता दाना अफीम की डोडे से प्राप्त होता है और उच्च कीमत मिलने के कारण अवैध कारोबारियों के लिए आकर्षक बन गया है। सरकारी निर्देशों के बावजूद कुछ तत्व इसे चोरी-छिपे देशभर में सप्लाई कर रहे हैं। नीमच सहित प्रमुख अफीम उत्पादक क्षेत्रों में लगातार काला पोस्ता बरामदगी से पता चलता है कि संगठित गिरोह इसका अवैध व्यापार कर रहे हैं। विशेषज्ञों और अधिकारियों का कहना है कि इसे खाद्य पदार्थों जैसे चाय और व्यंजनों में मिलाकर सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इस संकट को देखते हुए सरकार और नियामक एजेंसियों को जन स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए काला पोस्ता दाना के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और जुड़े माफिया गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।