नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से “व्यक्तित्व विकास” विषय पर एक प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन से किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. कालानी ने कहा कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण छात्राओं को न केवल शैक्षणिक बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने एनसीसी के माध्यम से छात्राओं में विकसित होने वाले अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों की सराहना की। मुख्य वक्ता कर्नल ज्योति प्रकाश ने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास, समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हीना हरित ने किया और आभार प्रदर्शन प्रो. नेहा इंग्ले द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राएं, प्राध्यापक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।