नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को नीमच से सिंगोली तक 85 कि.मी. लंबी सड़क निर्माण परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और डी.पी.आर. में निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एम.पी.आर.डी.सी. और संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी से कहा कि निर्माण की गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए और कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मालखेड़ा से आगे सड़क पर बिछाई गई मुरम और गिट्टी की लेयर के सेम्पल लिए और परीक्षण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सेमली चंद्रावत में सड़क की दोनों ओर नाली निर्माण और पुलिया निर्माण का निरीक्षण किया। इसके अलावा, सरवानिया महाराज से मोरवन तक रोड रोलर द्वारा रोलिंग प्रक्रिया और निर्माणाधीन पुलिया का भी अवलोकन किया।कलेक्टर ने जनकपुर के आगे सड़क निर्माण में प्रयुक्त प्लाट और सामग्री की गुणवत्ता जांच लैब का निरीक्षण कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण अमित नार्गेश, एम.पी.आर.डी.सी. सहायक प्रबंधक राहुल बरडे, एसडीएम प्रीती संघवी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला नीमच के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार डॉ. दिनेश प्रसाद को सौंपा।