नीमच में दुग्ध समृद्धि अभियान को गति, पशुपालक संगोष्ठी व निःशुल्क एण्टीरेबीज शिविर आयोजित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में पशुपालन को सशक्त बनाने की दिशा में क्षीर धारा ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम मालखेड़ा एवं मेलानखेड़ा में शुक्रवार को आत्मा योजनान्तर्गत पशुपालक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कलेक्टर  हिमांशु चन्द्रा के निर्देशन में संचालित दुग्ध समृद्धि अभियान के तहत जिले के 104 ग्रामों में 100 प्रतिशत टीकाकरण, पशुओं की टैगिंग एवं कृत्रिम गर्भाधान की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसी क्रम में आत्मा योजना के अंतर्गत 15 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। संगोष्ठी में पशुपोषण, पशु स्वास्थ्य एवं नस्ल सुधार विषय पर डॉ. मिनल पाटनी, डॉ. सी.एल. मालवीय एवं डॉ. बी.एल. भारती ने उपयोगी जानकारी दी।

वहीं, उदाहरणीय पशुपालक  मोहन रामनानी एवं रामनिवास बलाई ने अपने अनुभव साझा कर अन्य पशुपालकों को प्रेरित किया। इसी दिन पशुपालन विभाग एवं जैन सोशल ग्रुप उड़ान के संयुक्त तत्वावधान में पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक नीमच पर निःशुल्क पशु उपचार एवं श्वानों का एण्टीरेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। उपसंचालक पशुपालन डॉ. राजेश पाटीदार ने बताया कि पशुपालन एवं पशु कल्याण माह के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में 21 पशुओं का उपचार तथा 11 श्वानों को एण्टीरेबीज टीके लगाए गए। शिविर में डॉ. ए.आर. धाकड़, डॉ. देवीलाल पाटीदार एवं डॉ. हरीश पाटीदार ने सेवाएं दीं। कार्यक्रम में समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

Top