नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भाजपा सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली नीतियों के विरोध में शुक्रवार को नीमच जिले में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिले की तीनों विधानसभाओं के 9 ब्लॉकों—पालसोड़ा, दारू, चिताखेड़ा, कंजार्डा, चपलाना, चंद्रपुरा, रतनगढ़, मोड़ी और सिंगोली में एक साथ धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने पालसोड़ा, दारू और चिताखेड़ा में हुए आंदोलनों को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि किसान आज खाद, बिजली और फसल बीमा जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। कांग्रेस अब गांव-गांव जाकर किसानों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। विभिन्न केंद्रों पर अलग-अलग नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा की विफलताओं को उजागर किया। नेताओं ने कहा कि यूरिया की कालाबाजारी, किसानों को पर्याप्त बिजली न मिलना और विकास कार्यों की अनदेखी से जनता त्रस्त है। प्रदर्शन के दौरान नीमच-चिताखेड़ा सड़क निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।धरना-प्रदर्शन के पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और संगठन गांव-गांव जनता की आवाज बनेगा।