नीमच टुडे न्यूज़ | जीरन ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में शुक्रवार को चीताखेड़ा बस स्टैंड पर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और ग्रामीण समस्याओं के विरोध में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण भारत की रीढ़ थी, जिसे भाजपा सरकार ने कमजोर कर आम गरीब, किसान और मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर पांच दिन के भीतर धामनिया-चीताखेड़ा सड़क मार्ग की पेचवर्किंग नहीं हुई, तो महुडिया में चक्काजाम किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणावत, पूर्व अध्यक्ष विनोद दक, कांग्रेस नेता हरिश दुआ सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन पटवारी संदेश चेलावत एवं चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया को सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में हेरफेर, सड़क निर्माण और रोजगार गारंटी कानून पर सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखा और आगामी संघर्ष की प्रतिबद्धता जताई।