नीमच टुडे न्यूज़ | नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शुक्रवार को टैगोर मार्ग, वार्ड 14, प्राइवेट बस स्टैंड, उदय विहार, प्रगति नगर और महू-नीमच रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए और स्वास्थ्य अधिकारियों तथा स्वच्छता निरीक्षकों को कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए। सीएमओ ने जल मंदिरों के पानी के सैंपल लेकर उनकी शुद्धता की जांच कराई और शहर में पेयजल की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने मुख्य मार्ग पर बनी दरगाह के सामने अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान सफाई जनसेवकों को कार्य के दौरान ड्रेस कोड का पालन करने की हिदायत भी दी। बामनिया ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य न केवल स्वच्छता बनाए रखना है, बल्कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घरों से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं और अवैध नल संयोजनों को काटने की कार्रवाई निरंतर जारी है। नागरिकों से उन्होंने सहयोग करने और नल संयोजन वैध करवाने का अनुरोध किया। स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और स्वच्छता निरीक्षक अविनाश घेघट भी निरीक्षण के दौरान सीएमओ के साथ उपस्थित रहे।