नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली तहसील के ग्राम तरोली निवासी हेमराज भील को बिना ग्राम सभा की सूचना और बिना लिखित आदेश के हिरासत में लेकर जेल भेजे जाने के मामले में रुडीगत ग्राम सभा ने आपत्ति दर्ज कराई है। ग्राम सभा के अनुसार 24 जनवरी की शाम रतनगढ़ चौकी से रेज विभाग के अधिकारी पूछताछ के बहाने हेमराज को घर से ले गए और तीन दिन हिरासत में रखने के बाद 27 जनवरी को उपजेल जावद भेज दिया गया। यह कार्रवाई पास के देवस्थान क्षेत्र में मृत मिले शेर की घटना से जोड़ी जा रही है। ग्राम सभा का कहना है कि केवल लाइसेंसी बंदूक का होना दोष सिद्ध नहीं करता, क्योंकि आसपास के कई ग्रामीणों के पास भी हथियार हैं। ग्राम सभा ने मामले की न्यायिक व फोरेंसिक जांच कर दोष सिद्ध न होने पर हेमराज को न्याय दिलाने और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि 10 दिनों में जांच शुरू नहीं हुई तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।