नीमच रायसिंहपुरा में त्रि-दिवसीय पञ्चकुण्डीय रुद्र महायज्ञ का भव्य समापन, शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा और स्वर्ण कलश स्थापित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ |  ग्राम रायसिंहपुरा में आयोजित त्रि-दिवसीय पञ्चकुण्डीय रुद्र महायज्ञ और शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शनिवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले अनुष्ठान में आध्यात्मिक चेतना और लोक कल्याण की कामना के साथ महा-पूर्णाहूति और मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की गई। यज्ञ के अंतिम दिन ब्रह्म मुहूर्त में भगवान शिव परिवार का सहस्त्रधारा महाभिषेक 1000 कलशों के जल से किया गया। वैदिक विद्वान ब्राह्मणों के मार्गदर्शन में मूर्तियों में प्राण-प्रतिष्ठा के लिए शास्त्रीय न्यास और स्नपन विधि का पालन हुआ। दोपहर को अभिजीत मुहूर्त में मंदिर शिखर पर भव्य स्वर्ण कलश विराजित हुआ, जिसे देखने हजारों श्रद्धालु पहुंचे। यज्ञ के मुख्य पंडित नारायण शर्मा ने बताया कि तीन दिनों में प्रतिदिन लगभग 55 जोड़ों ने यजमान के रूप में पूजन किया। 2 लाख 50 हजार से अधिक आहुतियां दी गईं। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ। यह आयोजन शुक्ल यजुर्वेदीय परंपरा अनुसार संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों की सुख-समृद्धि और विश्व शांति है।

Top