नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शहर के जीवागंज इलाके में गुरुवार दोपहर गोवंश के अवशेष मिलने से माहौल गरमा गया। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सर्व सनातन हिंदू समाज के लोग माहेश्वरी धर्मशाला के समीप एकत्रित हुए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने गोवंश के अवशेष हाथ में लेकर नारेबाजी की और घंटाघर तक आक्रोश रैली भी निकाली। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत हुआ, लेकिन संगठनों ने 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर बंद की चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद शनिवार, 7 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक मंदसौर बंद का आह्वान किया गया। संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यह बंद शांतिपूर्ण रहेगा और किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि गौ संरक्षण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर है। सर्व समाज से स्वेच्छा से सहयोग करने की अपील की गई है।