बजट 2026-27 से बदलेगा भारत का भविष्य, आत्मनिर्भरता की नई उड़ान : सुधीर गुप्ता | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता ने बजट को भारत के भविष्य की मजबूत नींव करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा तय करने वाला स्पष्ट रोडमैप है। उनके अनुसार बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों—सभी वर्गों का संतुलित ध्यान रखा गया है। सांसद गुप्ता ने बताया कि युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। शिक्षा को रोजगार से जोड़ने और सेवा क्षेत्र में भारत की वैश्विक भागीदारी बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन भी बजट का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण इस बजट की मजबूत धुरी है। महिला छात्रावासों का विस्तार, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन, केयरगिवर्स व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण और लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाएं आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होंगी पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद गुप्ता ने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क घटाया गया है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़े बजट प्रावधान, टीडीएस प्रक्रिया का सरलीकरण और विदेश यात्रा पैकेज पर टीसीएस में कमी जैसे फैसले किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक फाइबर मिशन, पशुपालन, मत्स्य पालन, उच्च मूल्य फसलों और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर, केमिकल पार्क, बायोफार्मा, रक्षा उत्पादन और नए आर्थिक जोन से जुड़े प्रावधान भारत को औद्योगिक और तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस द्वारा बजट पर किए जा रहे विरोध पर सांसद गुप्ता ने कहा कि विपक्ष तथ्यहीन आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। पत्रकार वार्ता में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित निलेश पाटीदार, आशीष, मनोज महेश्वरी और विकास नामदेव मौजूद रहे

Top