नीमच में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु चिकित्सकों की कार्यशाला आयोजित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए रविवार को जिले के सभी चिकित्सकों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। कार्यशाला का शुभारंभ कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ  अमन वैश्णव, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.आदित्य बैराल, आईएमए अध्यक्ष डॉ.मनीष चमडिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद और सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।

कलेक्टर  चंद्रा ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं का बेहतर प्रबंधन, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी और दुर्घटनाओं में पीड़ितों को त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य अमला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यशाला में चिकित्सकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, दुर्घटना प्रबंधन, सांप-कुत्ता काटने के मामले, विषाक्तता प्रबंधन, हेड इंजरी और मेडिको-लीगल पहलुओं पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद और सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और जन-जन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने में मदद मिलेगी।

Top