नीमच टुडे न्यूज़ | वार्ड नंबर 8 के रहवासियों को आखिरकार 5 साल से चली आ रही सीवर समस्या से राहत मिल गई। चमत्कारिक बालाजी मंदिर के पास स्थित बगीचा क्षेत्र लंबे समय से गंदगी और बदबू का केंद्र बना हुआ था, जिससे लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। सीवर चेंबरों से निकलने वाली दुर्गंध ने हालात बेहद खराब कर दिए थे। मामला सामने आने पर पार्षद दुर्गाशंकर भील ने इसे प्राथमिकता से लिया। पार्षद प्रतिनिधि ओम दीवान और मुकेश पोरवाल के सहयोग व लगातार प्रयासों से समस्या का स्थायी समाधान कराया गया। समस्या खत्म होने पर रहवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए मॉर्निंग क्लब मैदान में पार्षद का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। साथ ही नगरपालिका अध्यक्ष सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रहवासियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति से वर्षों पुरानी समस्याएं भी हल हो सकती हैं।