नीमच में 4 नई डायलिसिस मशीनों का लोकार्पण, सेवा क्षमता बढ़ेगी – विधायक परिहार |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के शासकीय जिला चिकित्सालय स्थित मानव सेवा समिति के डायलिसिस सेंटर में रोटरी क्लब नीमच द्वारा चार नई डायलिसिस मशीनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि यह सेंटर क्षेत्र में उत्कृष्ट मानव सेवा का प्रतीक बन चुका है। रोटरी मंडल 3040 के मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा ने बताया कि ग्लोबल ग्रांट के तहत विभिन्न क्लबों को 51 मशीनें दी जा रही हैं, जिनमें से 4 नीमच को मिली हैं। समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि सेंटर में अब तक 12 मशीनों से प्रतिदिन तीन शिफ्ट में सेवाएं दी जा रही थीं, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई मशीनें लगाई गई हैं। इससे मरीजों की वेटिंग कम होगी। सेंटर में अब तक 34,598 डायलिसिस हो चुके हैं। कार्यक्रम में दानदाताओं, चिकित्सकों, रोटरी पदाधिकारियों व नागरिकों की उपस्थिति रही।

Top