नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रदेश मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के घर पहुंचकर विधायक दिलीपसिंह परिहार ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक छात्र को ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। ग्राम तेलनखेड़ी की छात्रा प्रियांशी राठौर ने कक्षा 10वीं में प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया, जबकि नीमच के ग्वाल टोली निवासी प्रमोद मेघवाल ने 12वीं कॉमर्स संकाय में 8वां स्थान प्राप्त किया। विधायक ने दोनों विद्यार्थियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।