नीमच टुडे न्यूज़ | ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को जूनियर विंग में
शानदार पूल पार्टी का आयोजन हुआ । जिसमें नर्सरी से दूसरी क्लास के बच्चों ने
जमकर मौज मस्ती करते हुए गर्मी की तपिश से राहत पाई। बच्चों ने मनोंरजन
गीत की धुन पर रेन डांस की लाजवाब प्रस्तुति दी । जिससे माहौल पूरी तरह
खुशनुमा हो गया। इसके बाद बच्चों ने चिप्स, फ्रूटी और अन्य व्यंजनों का आनंद
भी लिया। पूल पार्टी में स्कूली बच्चों ने जमकर मौज मस्ती करते हुए गर्मी के
सीजन में होने वाली बीमारियों से बचाव के टिप्स लेकर उनका पालन करने का
संकल्प भी लिया। पूल के किनारे रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडियों से सजाया गया
था, जिससे उत्सव का माहौल बन गया। छोटे बच्चे अपने आकर्षक स्विमसूट में
सजे-धजे पूल पार्टी में पहुंचे, उनके साथ उनके शिक्षक भी थे। जब नन्हें -मुन्ने
बच्चे खुशी-खुशी एक-दूसरे पर पानी की बौछारें कर रहे थे, तो उनके चमकीले
स्विमवियर और चंचल हरकतों ने माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया ।
जिससे कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का उत्साह बढ़ गया। विद्यालय की
निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने बताया कि गर्मियों की छुट्टी से पहले इस तरह
के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने बच्चों को गर्मी
के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के टिप्स देते हुए तेज धूप में घर के
बाहर न निकलने का संकल्प भी दिलाया। पूल पार्टी आयोजन में प्री प्राइमरी विंग
शिक्षिकाओं ने सहयोग दिया।