कलेक्टोरेट में हुआ राष्ट्रगान-वंदे मातरम का गायन, ग्रामीण युवाओं के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर कार्यालय नीमच में सोमवार को सामूहिक राष्ट्रगान, वंदे मातरम एवं मध्यप्रदेश गान का गायन किया गया। कार्यक्रम एडीएम बी.एस. कलेश की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। इसके बाद जून माह के शासकीय कार्यों की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे सहित राजस्व, शिक्षा, श्रम, सहकारिता, कोषालय और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, नीमच द्वारा युवाओं के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। 6 जून से कृषि उद्यमी प्रशिक्षण, 9 जून से कंप्यूटर टैली और 10 जून से प्लंबिंग एंड सेनेटरी वर्क्स प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण में आवास, भोजन और नाश्ते की सुविधा नि:शुल्क रहेगी। ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां इसका लाभ ले सकेंगे।

Top