नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले की रतनगढ़ पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और एक वेन्यू कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना रतनगढ़ पुलिस टीम ने ग्राम मानपुरा फंटा पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वेन्यू कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 40 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी कमलेश पिता ईश्वरलाल गुर्जर (23) निवासी सिडियास, थाना मांडल, जिला भीलवाड़ा राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडाचूरा, एक काले रंग की होण्डाई वेन्यू कार और एण्ड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है।