चीताखेड़ा-धामनिया मार्ग बना हादसों का रास्ता, गड्ढे में गिरकर पीडब्ल्यूडी कर्मचारी घायल | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा-धामनिया-जीरन मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पिछले दो वर्षों से यह मुख्य सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। रविवार सुबह पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत कर्मचारी रामरतन जाटव भी इसी जर्जर सड़क पर हादसे का शिकार हो गए। बाइक गहरे गड्ढे में धंसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह मार्ग झाझरवाड़ा इंडस्ट्रीज एरिया को जिला मुख्यालय से जोड़ता है और भारी वाहनों का लगातार दबाव रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत और कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा के निर्देशों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की गई। पीडब्ल्यूडी विभाग की एसडीओ नेहा राठौर ने बताया कि फिलहाल डामर उपलब्ध नहीं होने से गड्ढों को डस्ट और मिट्टी से भरने की अस्थायी व्यवस्था की जा रही है। मेगा हाईवे परियोजना की फाइल शासन स्तर पर लंबित बताई जा रही है।

Top